संभल: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को किया गया सम्मानित, मंत्री गुलाब देवी की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न

संभल, 08 मार्च 2026।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद सम्भल के कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माध्यमिक शिक्षा मंत्री श्रीमती गुलाब देवी ने की। इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सभागार में सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित महिलाओं ने देखा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती गुलाब देवी ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, खेल, राजनीति, चिकित्सा और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।

इस अवसर पर उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. श्रीमती अनामिका यादव ने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही है। चाहे खेल का मैदान हो, दफ्तर, अस्पताल, राजनीति या पारिवारिक जीवन — महिलाएं अपने साहस, समझदारी और मेहनत से नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज के विकास में योगदान दे रही हैं।

मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी चंद्रभूषण, जिला कार्यक्रम अधिकारी महेश कुमार, नगर पंचायत बहजोई के अध्यक्ष राजेश शंकर राजू, प्रोबेशन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट:
रईस अल्वी
सीनियर जर्नलिस्ट
STAR NEWS 24

Author

  • starnews24.in

    Star News 24 एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित के प्रति समर्पित डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को आप तक सबसे पहले, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाना है। हम पत्रकारिता के उन मूल्यों पर चलते हैं, जिनकी नींव सच्चाई, ईमानदारी और जिम्मेदारी पर टिकी होती है।

    हमारा उद्देश्य है –
    “हर खबर सच्ची हो, हर आवाज सुनी जाए, और हर नागरिक जागरूक बने।”

    आपका विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, और हम हमेशा इस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *