
सम्भल। जनपद सम्भल के विभिन्न शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही बहनों का अपने भाइयों के घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बहनें भाइयों के माथे पर तिलक करने के लिए निकलीं तो सड़कों पर वाहनों और राहगीरों की भारी भीड़ दिखाई दी। त्योहार के चलते प्रमुख मार्गों पर लंबी कतारें लग गईं और हर कोई जल्द से जल्द अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश में नजर आया।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे और जाम खुलवाने में जुटे रहे, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के चलते कई स्थानों पर पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालात ऐसे रहे कि राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।

वहीं, सड़कों के किनारे जगह-जगह मिठाइयों की दुकानें और खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ भी यातायात प्रभावित होने की वजह बनी। भैया दूज के त्योहार पर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही।