
सम्भल, शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत सोमवार को नवीन पुलिस लाइन सम्भल में महिला पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण योजना, बलवा ड्रिल और दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान महिला थाना एवं विभिन्न थानों के मिशन शक्ति केंद्रों पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों ने एंटी रायट गन, अश्रु गैस गन (टियर गैस गन), पम्प एक्शन गन और चिली ग्रेनेड के संचालन तथा फायरिंग का अभ्यास किया। इस दौरान उन्हें दंगा नियंत्रण की विभिन्न प्रक्रियाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के संबंध में जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के प्रभावी उपयोग और आवश्यक सावधानियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना रहा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अशोक कुमार, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न थानों के मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं।