
संभल। जनपद संभल पुलिस ने गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के कुल 233 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 43 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए।

पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। जनपदीय साइबर सेल और थाना साइबर सेल की टीमों ने दूरसंचार विभाग के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें बरामद किया।
बरामद मोबाइल में वीवो के 53, रियलमी के 38, सैमसंग के 34, रेडमी के 32, ओप्पो के 31, इनफिनिक्स व टेक्नो के 17, वनप्लस के आठ, मोटो के पांच, आईटेल, लावा व नोकिया के पांच तथा आईफोन और ऑनर के दो-दो मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा आईक्यूओओ, नथिंग और पोको के छह मोबाइल भी बरामद किए गए।
पुलिस ने मोबाइल स्वामियों से अपील की है कि फोन खोने या चोरी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से आईएमईआई ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं। इससे मोबाइल के अनधिकृत इस्तेमाल को रोकने में मदद मिल सकती है।
वाइट विकास चंद्र त्रिपाठी पुलिस अधीक्षक संभल