(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्य में रुचि न लेने, बार-बार चेतावनी के बावजूद सुधार न करने और अनुपस्थित रहने वाले 60 प्रगणकों तथा 11 सुपरवाइजरों के खिलाफ जनगणना अधिनियम-1948 के तहत एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संबंधित चार्ज अधिकारियों द्वारा सभी को नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे कर्मचारी जो ड्यूटी से बचने या कार्य कटवाने का प्रयास कर रहे हैं, उनके मामलों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी कर्मचारी तत्काल अपने आवंटित क्षेत्रों में पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें और तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत कार्य पूरा करें। जिन प्रगणकों और सुपरवाइजरों की प्रगति शून्य या बेहद कम पाई जाएगी, उनके खिलाफ भी लगातार समीक्षा करते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।