गंगा एक्सप्रेस-वे पर अधिक टोल वसूली का आरोप, भाजपा जिला मंत्री ने मुख्यमंत्री से की जांच की मांग

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

जनपद संभल के पंवासा निवासी जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला मंत्री अवधेश प्रताप सिंह ‘हैप्पी’ ने गंगा एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित शुल्क से अधिक टोल वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री के नाम शिकायती पत्र भेजा है।

शिकायत में उन्होंने बताया कि 23 मई को अपराह्न लगभग 3 बजे वह अपने संबंधी डॉ. अमित चौहान के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी संख्या यूपी 38 केएल 5052 तथा हुंडई गाड़ी संख्या यूपी 21 बी 4418 से शाहजहांपुर के लिए रवाना हुए थे। दोनों वाहन लहरावन टोल प्लाजा से एक्सप्रेस-वे पर चढ़े और शाहजहांपुर पर उतरे।

अवधेश प्रताप सिंह का आरोप है कि 24 घंटे के भीतर वापसी करने के बावजूद स्कॉर्पियो वाहन से 1720 रुपये तथा हुंडई वाहन से 1515 रुपये टोल शुल्क वसूला गया, जबकि लहरावन टोल से शाहजहांपुर टोल तक की दूरी लगभग 146 किलोमीटर है और नियमानुसार करीब 500 रुपये टोल बनता है। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल शुल्क की गणना मेरठ से दिखाई गई, जबकि वह मेरठ गए ही नहीं।

उन्होंने बताया कि जब इस संबंध में लहरावन टोल प्लाजा पर शिकायत की गई तो वहां मौजूद टोल कर्मी अभद्रता पर उतर आए और विवाद करने लगे। भाजपा नेता का कहना है कि आम जनता से मनमाने तरीके से अधिक शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।

अवधेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी टोल टैक्स वसूली कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा आम जनता को राहत दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।

शिकायती पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री तथा जिलाधिकारी संभल को भी भेजी गई है, जिसमें सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *