सम्भल (बहजोई), 29 सितम्बर। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय में पूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राशनकार्ड सत्यापन, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण और राशन दुकानों की रिक्तियों सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग ने राशनकार्ड सत्यापन के प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। डीएम ने पात्र एवं अपात्र राशनकार्डों की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित सत्यापन प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सत्यापन में अपात्र पाए गए राशनकार्डों को नियमानुसार डिलीट किए जाने की स्थिति भी जानी।
डीएम ने वर्षा और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशनकार्ड के पात्र लाभार्थियों के लिए प्राथमिकता के आधार पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में स्वीकृत अन्नपूर्णा भवनों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर निर्माण शुरू नहीं हुआ है, वहां एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ कराया जाए। निर्माणाधीन भवनों को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। भूमि चिन्हांकन के लिए पूर्ति निरीक्षकों को एसडीएम एवं तहसीलदारों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।