संभल। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय किसान यूनियन टिकैत का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश विजेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी अंकित खंडेवाल से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। भाकियू प्रतिनिधिमंडल के अनुसार जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को बिंदुवार सुना और समाधान का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में अत्यधिक बारिश व तेज हवाओं से धान, बाजरा और उड़द की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा देने, सरकारी धान खरीद की तैयारियां समय से पूरी करने तथा प्रस्तावित मुरादाबाद-अलीगढ़ लिंक एक्सप्रेसवे एवं औद्योगिक गलियारों के लिए भूमि अधिग्रहण में सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की गई। गंगा एक्सप्रेसवे पर अधूरे सर्विस रोड, रेलवे क्रॉसिंग, अंडरपास और स्थानीय किसानों को टोल में राहत देने की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा किसानों को खाद उपलब्ध कराने, विद्युत विजिलेंस की कार्रवाई में कथित उत्पीड़न रोकने, संविदा बिजली कर्मचारियों के स्थानांतरण, भूमि अंश निर्धारण की त्रुटियां दूर करने, ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में तेजी लाने, राशन कार्ड से काटे गए यूनिट जोड़ने तथा राशन वितरण में कथित कटौती रोकने की मांग की गई। किसान दिवस नियमित कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
भाकियू ने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़े आंदोलन का निर्णय ले सकता है।