गांववार सर्वे कराकर हर प्रभावित किसान को शामिल करने के दिए निर्देश

सम्भल/बहजोई। जनपद में पिछले तीन दिनों से हुई भारी वर्षा के चलते प्रभावित धान की फसलों का जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने सोमवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विकासखंड बनियाखेड़ा के ग्राम पतरौआ पहुंचकर खेतों में फसलों की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से बारिश के कारण हुए नुकसान की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने मौके पर किसानों से उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया कि भारी वर्षा से प्रभावित किसानों की फसलों का शीघ्र गांववार सर्वे कराया जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सर्वे के दौरान कोई भी प्रभावित किसान छूटना नहीं चाहिए और प्रत्येक प्रभावित किसान की फसल के नुकसान का आकलन किया जाए।

जिलाधिकारी ने चंदौसी क्षेत्र में भारी वर्षा से प्रभावित अन्य गांवों की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गांव में अन्य किसानों की फसलों को हुए नुकसान की लेखपाल से गाटावार जानकारी प्राप्त की।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फसल क्षति से संबंधित सर्वे कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा प्रभावित किसानों की वास्तविक स्थिति को रिपोर्ट में शामिल किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी सहित संबंधित अधिकारी, लेखपाल एवं कर्मचारी मौजूद रहे।