गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

सम्भल/बहजोई। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने सोमवार को चंदौसी के रामबाग रोड स्थित समाज कल्याण विभाग, लखनऊ से सहायता प्राप्त आवासीय वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्धाश्रम का संचालन कर रही जनहितकारी सेवा समिति से आश्रम में निवासरत बुजुर्गों की संख्या की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम के विभिन्न कक्षों में जाकर बुजुर्गों से बातचीत की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भोजन, पेयजल, उपचार और दवाओं की उपलब्धता के साथ स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

डीएम ने बुजुर्गों के मनोरंजन के लिए टीवी रूम की व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मच्छरदानी की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी लेते हुए परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने और नियमित फॉगिंग कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनकी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सुविधाओं और स्वास्थ्य को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर उप निदेशक कृषि अरुण कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।