सम्भल (बहजोई), 6 अक्टूबर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना निदेशालय लखनऊ से आए उप निदेशक जनगणना डॉ. गौरव पाण्डेय ने अधिकारियों को आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. गौरव पाण्डेय ने बताया कि जनगणना-2027 की द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक होगी। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक रिवीजन कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में डिजिटल माध्यम से आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। मोबाइल ऐप के जरिए आंकड़ा संग्रहण के साथ पहली बार स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध होगी। परिवारों से संबंधित कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे।
उन्होंने जनगणना अधिनियम की धाराओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना से संबंधित रिकॉर्ड एवं आंकड़े पूर्णतः गोपनीय रहेंगे। वहीं अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान किसी व्यक्ति से कोई दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। बैठक में प्रशिक्षण, गणना ब्लॉक, स्व-गणना की रणनीति और जनजागरूकता को लेकर भी चर्चा की गई।