
संभल। चन्दौसी। भैया दूज के पर्व पर चन्दौसी में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा मंत्री एवं चन्दौसी विधानसभा क्षेत्र की विधायक गुलाब देवी अपने मुंह बोले भाई सलीम सैफी के आवास पर पहुंचीं। यहां उन्होंने भाई के साथ भैया दूज का त्योहार मनाया और पारिवारिक रिश्ते की मिठास को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

इस खास मौके पर सलीम सैफी ने अपनी बहन गुलाब देवी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने बहन को मिठाई खिलाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किया। दोनों ने एक-दूसरे के साथ समय बिताया और पुराने रिश्ते की आत्मीयता साझा की।
गौरतलब है कि सलीम सैफी कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं, जबकि गुलाब देवी भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता होने के साथ प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। दोनों की राजनीतिक विचारधाराएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन उनके बीच भाई-बहन का यह रिश्ता करीब 20 वर्षों से कायम है।

भैया दूज पर मंत्री गुलाब देवी का अपने मुंह बोले भाई के घर पहुंचना इस बात की मिसाल बना कि आपसी रिश्तों की मजबूती के सामने राजनीतिक मतभेद कोई मायने नहीं रखते। यह मुलाकात प्रेम, विश्वास, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देती नजर आई।
वाइट मंत्री गुलाब देवी