
सम्भल। दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने रविवार को ग्राम बिसारू का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत एवं क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह भी मौजूद रहीं।

भ्रमण के दौरान एसपी ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पीएसी एवं पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए मिठाई वितरित की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद एसपी ने ग्रामवासियों को भी मिठाई बांटकर त्योहार की बधाई दी तथा आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ दीपावली मनाने की अपील की।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखें। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की प्राथमिकता है। त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं।