
बहजोई (सम्भल), 05 नवम्बर 2026।
दीपावली के अवसर पर सम्भल जिले की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने हुनर और मेहनत से तैयार उत्पादों की बिक्री कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में महिलाओं द्वारा विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए आकर्षक स्टॉल लगाए गए।

इन स्टॉलों पर दीपावली से संबंधित दीपक, सजावटी सामान और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं बिक्री के लिए रखी गईं। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने स्टॉलों का निरीक्षण कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। डीएम ने उत्पादों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन भी किया।
आजीविका मिशन के आंकड़ों के अनुसार 4 नवम्बर को 1,650 रुपये और 5 नवम्बर को 20,600 रुपये के उत्पादों की बिक्री हुई। इस तरह दो दिनों में कुल 22,250 रुपये का कारोबार हुआ, जिससे स्वयं सहायता समूहों को 6,700 रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हुई। इस पहल में सात स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि त्योहारों पर स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को प्राथमिकता दें।
मुख्य विकास अधिकारी ने भी कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनके आत्मविश्वास और उद्यमशीलता को बढ़ावा देते हैं।