बहजोई (सम्भल)। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन बहजोई में मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, छात्राओं और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों, पुलिस परामर्श केंद्र के काउंसलरों तथा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की टॉप-10 छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। दिव्यांग महिला फरहत खलील को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उन्हें शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी चन्दौसी विवेक जावला, क्षेत्राधिकारी यातायात अजीत कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, काउंसलर और विभिन्न विद्यालयों की 150 से अधिक छात्राएं व शिक्षक मौजूद रहे।
मिशन शक्ति का संकल्प है—नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन।