
बहजोई (सम्भल)। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6 के तहत सोमवार को बहजोई में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जन-जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने थाना बहजोई से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली कस्बे के मुख्य बाजार से होते हुए पुलिस लाइन परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी चन्दौसी विवेक जावला, क्षेत्राधिकारी यातायात अजीत कुमार सिंह तथा महिला पुलिस बल ने प्रतिभाग किया।

रैली में जनप्रतिनिधियों, पुलिस परामर्श केंद्र के काउंसलरों, शिक्षकों और तीन विद्यालयों की 150 से अधिक छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध की स्थिति में बिना डर पुलिस से सहायता लेने की अपील की गई।

सम्भल पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।