सम्भल। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। चंदौसी तहसील सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिले।

राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान डीएम ने लेखपालों को अंश निर्धारण एवं खतौनी से संबंधित मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अभिलेखों को अद्यतन एवं त्रुटिरहित रखने पर जोर दिया। कब्जा परिवर्तन से जुड़े मामलों में राजस्व एवं चकबंदी विभाग की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन के बाद कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने तथा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
इस दौरान सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, सीएमओ डॉ. तरुण पाठक, एसडीएम चंदौसी आशुतोष तिवारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।