सम्भल जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देश एवं उप जिलाधिकारी सम्भल विकास चन्द्र के निर्देशन में विनियमित क्षेत्र सम्भल की टीम ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान शेर खां सराय क्षेत्र में करीब एक हेक्टेयर भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को हटवाते हुए विकसित किए गए प्लॉटों को ध्वस्त कराया गया।

विनियमित क्षेत्र सम्भल के अवर अभियंता सचिन सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम ने गाटा संख्या 554 में कार्रवाई की। उक्त गाटा का कुल क्षेत्रफल करीब 3.6 हेक्टेयर बताया गया है, जिसमें लगभग एक हेक्टेयर भूमि पर बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग की जा रही थी। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित किए गए प्लॉटों को हटवाया और भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विनियमित क्षेत्र में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना प्लॉटिंग अथवा निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा भूमि उपयोग एवं नियोजन संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।