
संभल। बहजोई क्षेत्र संभल रोड में मंदिर के नाम दर्ज करीब तीन बीघा भूमि से जिला प्रशासन ने कथित अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि गाटा संख्या 79 की यह भूमि राजस्व अभिलेखों में मंदिर के नाम दर्ज है। लंबे समय से इस भूमि पर संजीव नामक व्यक्ति का कब्जा बताया जा रहा था और वह यहां खेती करता था।
मंगलवार को प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और भूमि पर खड़ी धान की फसल कटवाने के बाद ट्रैक्टर से खेत की जुताई करा दी। इसके बाद भूमि को नगर पालिका के हवाले किए जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान लेखपालों की टीम के साथ कानूनगो तथा नगर पालिका की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
जानकारी के अनुसार, राजस्व अभिलेखों में उक्त भूमि मंदिर के नाम दर्ज है। प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई को लंबे समय से चले आ रहे कथित अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई बताया जा रहा है। करीब तीन बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराने के बाद प्रशासन ने उसका कब्जा नगर पालिका को सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।