संभल। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देशन में शनिवार, 8 अगस्त 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन बहजोई में पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र की बैठक आयोजित की गई। बैठक अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत एवं क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह के निर्देशानुसार हुई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष डॉ. रूकमपाल सिंह ने की।
परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी विवादों को काउंसलर्स के सहयोग से सुलह-समझौते के आधार पर समाप्त कराने का प्रयास किया गया। इस दौरान कुल 152 पत्रावलियों की सुनवाई की गई। काउंसलिंग के बाद 36 पत्रावलियों का निस्तारण किया गया।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति और समझौते के आधार पर 14 परिवारों को पुनः मिलाया गया, जिससे परिवारों में आपसी विवाद समाप्त कर साथ रहने की सहमति बनी। वहीं 7 पत्रावलियों में विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई।
इसके अलावा 15 पत्रावलियों को बंद किया गया। इनमें आवेदक अथवा आवेदिका के काउंसलिंग में उपस्थित न होने तथा मामले में आगे कार्रवाई के लिए बल नहीं दिए जाने के कारण पत्रावलियों को बंद किया गया। पुलिस परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को आपसी समझ और संवाद के माध्यम से सुलझाकर परिवारों को टूटने से बचाना है।