(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से थाना असमोली क्षेत्र के अंतर्गत नवीन पुलिस चौकी मंसूरपुर माफी का उद्घाटन गुरुवार को संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
विशेष बात यह रही कि मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत स्थानीय विद्यालय की कक्षा दो की छात्रा जुनैरा अशरफ ने फीता काटकर पुलिस चौकी का उद्घाटन किया। इस पहल को महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी संभल कुलदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी असमोली डॉ. प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा जनसहयोग से अपराध नियंत्रण के महत्व के प्रति जागरूक किया। साथ ही क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि नवस्थापित पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी। इससे अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई, आपातकालीन सेवाओं तथा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में सहायता मिलेगी और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।