सम्भल के स्कूल में हिजाब-टोपी विवाद पर सियासत तेज, सांसद बर्क बोले- बच्चों के बीच नफरत फैलाने की कोशिश

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

के जालब सराय स्थित प्राथमिक विद्यालय में हिजाब और टोपी को लेकर उठे विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। सोशल मीडिया पर बच्चों की टोपी और हिजाब पहने तस्वीरें वायरल होने के बाद प्रशासन ने दो मुस्लिम शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई को लेकर सम्भल के सांसद ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।

सांसद बर्क ने कहा कि स्कूल और कॉलेज शिक्षा के मंदिर होते हैं, जहां धर्म और राजनीति को नहीं लाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तस्वीरों और घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। बर्क ने कहा कि अभी तक किसी भी स्कूल में धर्मांतरण जैसी कोई घटना साबित नहीं हुई है, लेकिन बच्चों को धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को धर्म की समझ तक नहीं होती, लेकिन राजनीतिक माहौल बनाकर उनके मन में भेदभाव पैदा किया जा रहा है। टोपी और हिजाब के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान बच्चे अलग-अलग वेशभूषा पहनते हैं, जिसे धार्मिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

सांसद बर्क ने यह भी दावा किया कि जिले के एक अन्य स्कूल में भी एक विशेष धर्म की विचारधारा थोपने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने स्कूल का नाम सार्वजनिक नहीं किया, लेकिन पूरी जानकारी जुटाने के बाद प्रशासन को लिखित शिकायत देने की बात कही। उन्होंने सरकार और प्रशासन से सभी मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *