(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
जनपद संभल में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। संभल, बहजोई, चंदौसी और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश के साथ ऐसा अंधेरा छा गया कि लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया और देखते ही देखते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। तेज हवाओं के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा।
बताया जा रहा है कि हवा की गति काफी तेज थी, जिसके चलते कई स्थानों पर पेड़ और बड़े-बड़े वृक्ष जमीन पर गिर गए। कुछ जगहों पर पेड़ गिरने से हादसे भी हुए हैं और कई लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है। बहजोई नगर समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
अचानक बदले मौसम के कारण बाजारों और सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग दुकानों और मकानों में छिपकर मौसम शांत होने का इंतजार करते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। प्रशासन द्वारा लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है।