(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल जिले में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बिछौली गांव में ग्राम सभा की भूमि पर बनाए गए अवैध मदरसा और इमामबाड़े को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रशासन के अनुसार, यह निर्माण सरकारी भूमि पर अवैध रूप से किए गए थे, जिसकी शिकायत लंबे समय से मिल रही थी। जांच के बाद कब्जा अवैध पाए जाने पर तीन बुलडोजरों की मदद से पूरे ढांचे को जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
बताया जा रहा है कि जिले में अब तक एक दर्जन से अधिक अवैध मदरसों और मस्जिदों पर इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी और ग्राम सभा की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ईदगाह और इमामबाड़े पर चल रही इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं प्रशासन आगे भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कह रहा है।