उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गुमशुदा 2.5 वर्षीय मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई, जिससे एक परिवार की खुशियां वापस लौट आईं।
जानकारी के अनुसार, थाना रजपुरा क्षेत्र के ग्राम जलालपुर निवासी मोहम्मद रजा का 2.5 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अली अचानक घर से कहीं चला गया था। उस समय बच्चे की मां नूरजहां घर पर खाना बना रही थीं। काफी देर तक बच्चे के नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसे आसपास काफी तलाश किया, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने थाना रजपुरा स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम लता शर्मा अपनी टीम के साथ तुरंत सक्रिय हो गईं। पुलिस टीम ने बच्चे के हुलिए की जानकारी लेकर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने बच्चे को संभल बाईपास असमोली रोड क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद बच्चे को मिशन शक्ति केंद्र लाकर उसके माता-पिता को बुलाया गया और उन्हें सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सकुशल देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।