सम्भल, 24 सितम्बर। थाना कैलादेवी पुलिस ने ट्यूबवेलों से स्टार्टर, केबल और तांबा चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 61,100 रुपये कीमत का चोरी का माल, एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 16 और 19 सितम्बर को ट्यूबवेलों से स्टार्टर व केबल चोरी होने के संबंध में थाना कैलादेवी में मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के अनावरण के लिए गठित पुलिस टीम ने 24 सितम्बर को ग्राम सैंडा के पास गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास से नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने ट्यूबवेलों से स्टार्टर व केबल चोरी कर स्टार्टर से तांबा निकालने तथा चोरी का माल कबाड़ियों को बेचने की बात बताई। बरामदगी में सात स्टार्टर खोखे, 31.500 किलोग्राम वायरिंग तांबा, 12 किलोग्राम स्टार्टर तांबा और तीन किलोग्राम स्टार्टर के नट-पुर्जे शामिल हैं। इसके अलावा एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में तीन अन्य व्यक्तियों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा के लिए भेजा जा रहा है।