
फिरोज़ खाँ बोले—सामाजिक न्याय और पीडीए की विचारधारा को मजबूत करना ही महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि
सम्भल। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य फिरोज़ खाँ के सपा कार्यालय पर शुक्रवार को बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम जी का परिनिर्वाण दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और सामाजिक न्याय के लिए उनके संघर्षों को याद किया गया।
कार्यक्रम में फिरोज़ खाँ ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी ने दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को संगठित कर उन्हें राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वहीं नेताजी मुलायम सिंह यादव ने सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों की भागीदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की विचारधारा के माध्यम से वंचित और उपेक्षित वर्गों को सम्मान, अधिकार और उचित भागीदारी दिलाने की बात कर रहे हैं। संविधान की रक्षा, सामाजिक समानता और भाईचारे को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
फिरोज़ खाँ ने कहा कि कांशीराम जी और मुलायम सिंह यादव के संघर्षों से प्रेरणा लेकर सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस मौके पर रामरहिस यादव, जबर सिंह यादव, सलीम अंसारी, आरिफ खान, शाहीन कुरैशी, नफीस, छुन्नान, अब्बास खाँ, मोनिस कुरैशी, अमरपाल, गौरव यादव, गुलाम मुस्तुफा, सतीश कुमार, अजय जाटव, कुमारपाल, जाहिद खाँ और अजमत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।