सम्भल, 3 अक्टूबर। जनपद सम्भल में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए दो नए आधुनिक अग्निशमन एवं रेस्क्यू वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार को जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने पुलिस कार्यालय से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद वाहनों को संबंधित अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध कराया गया।

अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से जनपद को एक मोटर फायर इंजन विद रेस्क्यू, सर्च एंड रेस्क्यू उपकरण सहित, जिसकी क्षमता 4000 लीटर है, तथा एक 2500 लीटर क्षमता वाला वाटर टेंडर प्रदान किया गया है।

इन आधुनिक वाहनों की उपलब्धता से जनपद के नगरीय एवं औद्योगिक क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं के साथ-साथ अन्य आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने में मदद मिलेगी। सर्च एवं रेस्क्यू अभियान भी अधिक प्रभावी ढंग से चलाए जा सकेंगे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी कृष्णकान्त ओझा, प्रतिसार निरीक्षक अशोक कुमार, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी सनद कुमार पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।