रंगभरी एकादशी पर 251 खाटू श्याम निशान यात्रा निकली, मंत्री गुलाब देवी ने आरती कर किया शुभारंभ

संभल जनपद के बहजोई नगर में रंगभरी एकादशी के उपलक्ष्य में 251 खाटू श्याम निशान यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। निशान यात्रा इस्लामनगर चौराहा से प्रारंभ होकर ब्रह्म बाजार, गोलागंज, आर्य समाज रोड, पुराना बाजार, बर्तन बाजार, रेलवे रोड होते हुए संभल बाईपास रेलवे फाटक स्थित खाटू श्याम मंदिर पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और पूरा नगर “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंज उठा।
निशान यात्रा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने विधि-विधान से आरती कर किया। इस अवसर पर विकास कुमार मित्तल, नीरज गोयल, अमित कुमार सर्राफ, राजीव गुरुजी, अतुल भोला, राजीव निराला, विकास कुमार सहित हजारों श्याम प्रेमी मौजूद रहे। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय झांकियों ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंत्री गुलाब देवी ने मीडिया से बातचीत में संभल से जुड़े संवेदनशील प्रकरण पर कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और सभी कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है।
उन्होंने अपील की कि रमजान और होली जैसे पावन पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। त्योहार एकता और सद्भाव का प्रतीक हैं, इसलिए अफवाहों से बचते हुए शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और प्रशासन ने नागरिकों के सहयोग की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *