संभल/बहजोई। जनपद सम्भल में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज ने पुलिस अधिकारियों और बल के साथ कस्बा बहजोई में पैदल गश्त की। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) सम्भल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सम्भल, क्षेत्राधिकारी बहजोई तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने कस्बे के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही व्यापारियों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनसे संवाद स्थापित किया गया। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी कराई गई, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।
इस मौके पर डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने, नियमित व प्रभावी गश्त करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।