केरल विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की पहली सूची, 55 उम्मीदवारों के नाम घोषित
केरल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य में सत्ता हासिल करने के लिए सभी प्रमुख राजनीतिक दल चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस ने मंगलवार (17 मार्च) को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 55 प्रत्याशियों के नाम शामिल किए गए हैं।
पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में अनुभव और निरंतरता को प्राथमिकता देते हुए 20 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया है। कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रमेश चेन्निथला को हरिपद सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि विपक्ष के नेता वी.डी. सतीसन को परवूर सीट से मैदान में उतारा गया है। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ को पेरावूर सीट से टिकट दिया गया है
।
इसके अलावा पार्टी ने कई प्रमुख चेहरों पर भी भरोसा जताया है। पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के पुत्र चांडी ओम्मन को पुथुपल्ली सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। साथ ही राम्या हरिदास को चिरयिनकीझु और वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन को वट्टियूरकावु सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। वहीं चुनाव आयोग ने केरल की सभी 140 सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराने और 4 मई को मतगणना कर परिणाम घोषित करने की घोषणा की है। इस बार का चुनाव राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है