वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति में आई चुनौतियों और देश में बढ़ती ईंधन चिंता के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में भारी कटौती की है। सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपये घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दी है, जबकि डीजल पर एक्साइज ड्यूटी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। इससे पहले पेट्रोल पर 13 रुपये और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लगती थी। हालांकि राज्य सरकारों द्वारा लगाया जाने वाला वैट (VAT) अभी भी लागू रहेगा।
सरकार के इस फैसले के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 10 रुपये तक की कमी आ सकती है। हालांकि अंतिम निर्णय तेल कंपनियों पर निर्भर करेगा कि वे इस राहत को किस हद तक उपभोक्ताओं तक पहुंचाती हैं।
फिलहाल देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अंतर बना हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपये और डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर है। नोएडा, चेन्नई और लखनऊ जैसे शहरों में भी कीमतें लगभग इसी दायरे में बनी हुई हैं।
इस बीच निजी तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने अपने पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल के दाम में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। कंपनी का कहना है कि उन्हें सरकारी राहत नहीं मिलती, इसलिए बढ़ती लागत की भरपाई के लिए यह कदम उठाना पड़ा।
हाल के दिनों में कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ और पैनिक बाइंग देखी गई थी। ऐसे में सरकार और तेल कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।