29 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, सात मतदेय स्थलों पर होंगी व्यवस्थाएं
सम्भल/बहजोई। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 एवं आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों चुनावों के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। 29 सितंबर 2026 से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन की कार्यवाही आयुक्त बरेली मंडल एवं निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर के स्तर से संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिक्षक निर्वाचन के लिए जनपद में कुल सात मतदेय स्थल स्थापित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मतदान कार्मिकों की तैनाती व प्रशिक्षण, वाहनों की व्यवस्था, लेखन सामग्री एवं प्रपत्र, आदर्श आचार संहिता का पालन, वीडियोग्राफी के लिए कैमरों की व्यवस्था तथा सभी मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता की जांच के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, मुख्य विकास अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।