जिला अधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने सोमवार को बहजोई स्थित काली मंदिर के निकट बने मिनी स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेडियम परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने विशेष रूप से स्टेडियम में बने गड्ढों को जल्द भरवाने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों और खिलाड़ियों को खेलने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके बाद जिलाधिकारी ने स्टेडियम परिसर में संचालित शूटिंग रेंज का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मौजूद बच्चों ने डीएम को बताया कि कुछ बाहरी लोग स्टेडियम परिसर में आकर शराब का सेवन करते हैं, जिससे माहौल खराब होता है।
इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम बच्चों और खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित और अनुशासित वातावरण वाला होना चाहिए।