
सम्भल, 8 अक्टूबर। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सम्भल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सम्भल विकास चन्द्र त्रिपाठी ने अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी सुमित सुधाकर रामटेके, क्षेत्राधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारियों के साथ कोतवाली सम्भल और थाना नखासा क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील एवं हॉटस्पॉट क्षेत्रों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से संवाद कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने के निर्देश दिए गए।

महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला पुलिसकर्मियों द्वारा प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त एवं निगरानी की जाएगी। पुलिस ने वांछित अभियुक्तों, हिस्ट्रीशीटरों एवं आपराधिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया भी तेज कर दी है।