चन्दौसी में खुलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र, सम्भल जिले के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

STAR NEWS 24 RAIS ALVI


चन्दौसी में खुलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र, सम्भल जिले के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

चन्दौसी/सम्भल। सम्भल जिले के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। जल्द ही चन्दौसी में पासपोर्ट सेवा केंद्र (Passport Seva Kendra) की शुरुआत होने जा रही है। इसके लिए अधिकारियों ने तहसील रोड स्थित पुराने कोषागार और रजिस्ट्री कार्यालय के भवन को चिन्हित किया है।

जानकारी के अनुसार विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs) की योजना के तहत देश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में पासपोर्ट सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में चन्दौसी में भी पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। हाल ही में इंडिया पोस्ट के मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों और बरेली पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों की टीम ने चन्दौसी पहुंचकर प्रस्तावित भवन का निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को भेज दी है।

अधिकारियों का कहना है कि यदि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो करीब एक से डेढ़ महीने के भीतर चन्दौसी में पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू किया जा सकता है। केंद्र शुरू होने के बाद सम्भल, चन्दौसी, बहजोई और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए मुरादाबाद, बरेली या बदायूं जैसे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।

बताया जा रहा है कि प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी के प्रयासों से यह पहल संभव हो सकी है। उन्होंने लंबे समय से क्षेत्र में पासपोर्ट कार्यालय खोलने की मांग सरकार के सामने उठाई थी।

लोगों को कैसे मिलेगी सुविधा
अब तक जिले के नागरिकों को पासपोर्ट बनवाने के लिए दूसरे शहरों के पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। वहां अधिक भीड़ होने के कारण अपॉइंटमेंट मिलने में काफी समय लग जाता था, जिससे खासकर विदेश में पढ़ाई या नौकरी करने वाले युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था। चन्दौसी में नया केंद्र खुलने के बाद यह समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।

कैसे बनता है पासपोर्ट
नया पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदक को पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होता है। इसके बाद निर्धारित शुल्क जमा कर अपॉइंटमेंट बुक की जाती है। तय समय पर आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचना होता है। पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पासपोर्ट स्पीड पोस्ट के माध्यम से सीधे आवेदक के घर भेज दिया जाता है।

स्थानीय लोगों और युवाओं ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि चन्दौसी में पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से छात्रों, नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं, व्यापारियों और विदेश यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *