सम्भल (बहजोई), 02 अक्टूबर 2026। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद रामधुन प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष एवं विचारों से प्रेरणा लेकर उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने गांधी जी के ‘जंतर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी निर्णय से पहले समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति के हितों को ध्यान में रखना चाहिए। इससे निर्णय लेने में सही दिशा मिलती है।
उन्होंने कहा कि गांधी जी का वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सत्य के प्रति समर्पण आज भी प्रासंगिक है। वहीं, शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश की एकता और आत्मनिर्भरता का संदेश देता है।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने गांधी जी के साहित्य, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता के विचारों पर प्रकाश डाला। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह तथा नगर मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान सुधीर कुमार ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।