सम्भल। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के पैसे को पेट्रोल पंप के लेनदेन खातों में डलवाकर कमीशन के बदले कैश कराने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पेट्रोल पंप के सेल्समैन कमीशन लेकर साइबर फ्रॉड की रकम पंप के खाते में डलवाते और बाद में उसे कैश उपलब्ध कराते थे।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 2 अक्टूबर को शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मनु शर्मा, आदित्य, प्रशान्त सिंह राघव, नरेन्द्र कुमार और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों से ऑनलाइन फ्रॉड की रकम को पेट्रोल पंपों के माध्यम से प्राप्त कर कैश कराने की जानकारी सामने आई।

जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाते और केवाईसी के बाद इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम जमा करने के लिए करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13 एटीएम कार्ड, सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक पासबुक, तीन चेकबुक और तीन इंस्ट्रक्शन लेटर बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
