(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
सम्भल। जनपद सम्भल में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना धनारी और बहजोई पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, राजस्व संबंधी शिकायतों तथा कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस में पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। डीएम और एसपी ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पारदर्शिता और विधिसम्मत तरीके से किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सहित पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए जनता को बेहतर कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की बात कही।