संभल में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav के निर्देशानुसार महर्षि कश्यप और महाराजा निषादराज गुहा की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष असगर अली अंसारी व अन्य पदाधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष असगर अली अंसारी ने कहा कि महर्षि कश्यप सप्तऋषियों में से एक महान वैदिक ऋषि थे और उन्हें कश्यप गोत्र का प्रवर्तक माना जाता है। वहीं महाराजा निषादराज गुहा भगवान श्रीराम के परम मित्र और श्रृंगवेरपुर के प्रतापी शासक थे, जिन्होंने वनवास के दौरान भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शखधार ने कहा कि निषादराज गुहा सामाजिक समरसता, मित्रता और सेवा भाव के प्रतीक हैं और निषाद समाज उन्हें अपना आदि पुरुष मानता है। उन्होंने पदाधिकारियों से नियमित रूप से बैठकों में भाग लेने, क्षेत्र में पीडी पंचायत आयोजित करने और प्रत्येक विधानसभा में बीएलए से मिलकर नए वोट बनवाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया और चेतावनी दी गई कि जो पदाधिकारी बैठकों में नहीं आएंगे उनसे जवाब मांगा जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष असगर अली अंसारी ने की और संचालन कृष्ण मुरारी शखधार ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।