निर्धारित सीमा से अधिक उपखनिज मिलने पर खनन विभाग ने की नियमानुसार कार्रवाई
सम्भल/बहजोई। जनपद सम्भल में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ खनन विभाग का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देश पर सोमवार, 28 सितम्बर को बारिश के बीच खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की गई।

खनन निरीक्षक सम्भल शिवम कुमार के नेतृत्व में थाना कैलादेवी क्षेत्र के खिरनी पुलिस चौकी पर खनिज सामग्री का परिवहन कर रहे वाहनों को रोककर जांच की गई। इस दौरान पांच ट्रेलरों की जांच में सभी वाहनों में निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में उपखनिज का परिवहन पाया गया।
ओवरलोडिंग की पुष्टि होने के बाद खनन विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पांचों ट्रेलरों को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान विभाग ने स्पष्ट किया कि खनिज परिवहन में निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
खनन विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों की कार्रवाई से ओवरलोड खनिज परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।