बहजोई में आयोजित बैठक में 38 पत्रावलियों का निस्तारण, 4 मामलों में विधिक कार्रवाई की संस्तुति

सम्भल, 17 अक्टूबर। पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र की बैठक शनिवार को महिला थाना, पुलिस लाइन बहजोई में थानाध्यक्ष डॉ. रुकमपाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत और क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठक में पारिवारिक विवादों के निस्तारण का प्रयास किया गया।
बैठक के दौरान पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों और मतभेदों से संबंधित पत्रावलियों की काउंसलिंग कराई गई। काउंसलर्स ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का प्रयास किया।

बैठक में कुल 132 पत्रावलियों की सुनवाई की गई, जिनमें से 38 का निस्तारण हुआ। इनमें चार मामलों में पति-पत्नी को आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर दोबारा साथ रहने के लिए राजी कराया गया। वहीं, चार मामलों में परिस्थितियों के अनुसार विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई। इसके अलावा 30 पत्रावलियों को आवेदक या आवेदिका के काउंसलिंग के लिए उपस्थित न होने तथा मामले में पैरवी नहीं किए जाने के कारण बंद कर दिया गया।
इस अवसर पर काउंसलर लवमोहन वार्ष्णेय, अखिलेश अग्रवाल, श्वेता गुप्ता, सीमा आर्य, कंचन महेश्वरी और बबीता सहित महिला उपनिरीक्षक रेणु राठी, महिला हेड कांस्टेबल रश्मि गहलौत, महिला आरक्षी ज्योति और विनीता समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।