
सम्भल (बहजोई), जनपद सम्भल में खरीफ फसलों की उत्पादकता का आकलन करने के लिए क्रॉप कटिंग की कार्रवाई कराई जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने ग्राम भवन में क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया और स्वयं भी धान की फसल काटकर प्रक्रिया का जायजा लिया। वहीं, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह ने विकासखंड बहजोई की न्याय पंचायत राजपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत आनंदपुर में क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया और स्वयं धान की फसल काटी।

ग्राम आनंदपुर में किसान नौशे के खेत, खसरा संख्या 393 में निर्धारित मानकों के अनुसार 43.30 वर्गमीटर क्षेत्रफल में धान की फसल की कटाई कराई गई। कटाई के बाद कुल 25.800 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर निर्धारित क्षेत्रफल में फसल की उत्पादकता का आकलन किया गया।

अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने बताया कि क्रॉप कटिंग के लिए खेतों का चयन यादृच्छिक (रैंडम) आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है। इससे प्रति इकाई क्षेत्रफल में प्राप्त उपज का आकलन कर जनपद की औसत उत्पादकता निर्धारित करने में मदद मिलती है। क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े शासन को भी भेजे जाते हैं।
इस दौरान नायब तहसीलदार रजत कुमार तथा लेखपाल मुनेश शर्मा और सुमित उपस्थित रहे।