मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान की राजधानी तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीयों से जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से देश छोड़ने की तैयारी करने की अपील की है।
दूतावास का कहना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए ईरान में रहना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षित निकासी की योजना बनाएं और इस दौरान दूतावास के संपर्क में बने रहें। साथ ही नागरिकों को केवल उन्हीं मार्गों का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है, जिनकी जानकारी दूतावास द्वारा दी जा रही है।
एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बिना दूतावास की सलाह के कोई भी व्यक्ति किसी अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर जाने की कोशिश न करे, क्योंकि ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक दूतावास द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर और ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव को देखते हुए भारतीयों को सतर्क रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई थी। फिलहाल दूतावास हालात पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी कर रहा है।