
सम्भल, 6 अक्टूबर। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री मनोज कुमार रावत ने मंगलवार को थाना रजपुरा का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने लंबित अभिलेखीय कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने हवालात, बैरक, मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीवी कैमरे, शस्त्रागार, भोजनालय एवं थाना परिसर का भी निरीक्षण किया। सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और सीसीटीवी कैमरों को सदैव क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए।

मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान महिला संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ सुनकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर एवं बैरक की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।