बबराला में डीएम-एसपी ने परखीं व्यवस्थाएं, मौलागढ़ के दोनों बूथों पर पहुंचे एडीएम

सम्भल/बहजोई, 17 अक्टूबर। निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जनपद में आयोजित विशेष मतदाता कैंपों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित खण्डेलवाल तथा पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बबराला स्थित बाबूराम सिंह इंटर कॉलेज के मतदेय स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्यप्रिय सिंह ने तहसील चन्दौसी के ग्राम मौलागढ़ स्थित दोनों मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बबराला में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए भरे जाने वाले फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने नगर पंचायत बबराला के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रचार वाहन के माध्यम से विशेष मतदाता कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसकी जानकारी प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी ने संबंधित सुपरवाइजरों को अपने अधीनस्थ बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौलागढ़ के दोनों मतदेय स्थलों पर पहुंचे एडीएम
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने ग्राम मौलागढ़ स्थित मतदेय स्थल प्रथम एवं द्वितीय का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 12 कॉलम वाले प्रारूप को भरने के निर्देश दिए। साथ ही प्राप्त फॉर्म-6 का श्रेणीवार विवरण तैयार करने को कहा।

इसमें कुल प्राप्त फॉर्म-6 के साथ 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं, एएसडी श्रेणी तथा अन्य श्रेणी के मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों की संख्या अलग-अलग दर्ज करने और उनका सही योग तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी सूचनाओं का अंकन निर्धारित प्रारूप में सही ढंग से किया जाए, ताकि आवेदनों का व्यवस्थित एवं सटीक विवरण उपलब्ध हो सके।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विशेष मतदाता कैंपों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा आवश्यक संशोधन कराने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।