संभल। संभल में सदर कोतवाली से महज 100 कदम की दूरी पर एक ऑप्टिकल शॉप के नीचे बने बेसमेंट की दीवार अचानक ढह गई। हादसे के दौरान बेसमेंट में मौजूद डॉक्टर और मरीज धड़ाम से नीचे गिर पड़े और मलबे में दबकर घायल हो गए। गनीमत रही कि आसपास के दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, करीब 50 साल पुरानी ऑप्टिकल शॉप के नीचे बने बेसमेंट में डॉक्टर वीरेंद्र रस्तोगी अपने मरीज मोहम्मद काजिम की आंखों का परीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बेसमेंट की दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बेसमेंट में कई लोगों के दबे होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ संभल कुलदीप कुमार और नगर पालिका के जेई सचिन कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद एहतियातन संबंधित ऑप्टिकल शॉप को तत्काल बंद करा दिया गया। सीओ के मुताबिक, सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की दुकानों को भी बंद कराया गया।
बताया जा रहा है कि चिकित्सक और दुकान मालिक के बीच न्यायालय में विवाद चल रहा है। हादसे के बाद दुकान और बेसमेंट की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
बाइट: कुलदीप कुमार, सीओ संभल
बाइट: मोहम्मद काजिम, मरीज