पंजाब। फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में शनिवार को एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म और आत्महत्या से जुड़ी कथित अफवाह फैलने के बाद भारी हंगामा हो गया। बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में जमा होकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल दुष्कर्म या आत्महत्या के दावों की पुष्टि करने वाला कोई सबूत या शिकायत सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर छात्रा से जुड़ी कुछ अपुष्ट सूचनाएं तेजी से प्रसारित हुईं। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्र हो गए। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया। कैंपस में खिड़कियों के शीशे तोड़े गए और ईंट-पत्थर व गमले फेंके गए। कुछ स्थानों पर आगजनी की घटना भी सामने आई।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र हाईवे पर भी पहुंच गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों और यूनिवर्सिटी प्रशासन के साथ बातचीत भी की।
पुलिस के मुताबिक, छात्रों के बीच अलग-अलग तरह की बातें फैल रही थीं। कुछ छात्र आत्महत्या की बात कर रहे थे, जबकि कुछ की ओर से दुष्कर्म का दावा किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि अभी तक इन दावों की पुष्टि के लिए कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है और न ही इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त हुई है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम के साथ यह भी जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर कथित अफवाह कहां से शुरू हुई और इसे किस तरह फैलाया गया।
वहीं, LPU प्रशासन ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि कैंपस में छात्र सुरक्षित हैं। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं से बचने और किसी भी तरह की हिंसा या उपद्रवी गतिविधि में शामिल नहीं होने की अपील की है।
फिलहाल कैंपस में स्थिति पर पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन नजर बनाए हुए हैं तथा मामले से जुड़े दावों की जांच की जा रही है।