
बहजोई। श्री रामलीला कमेटी, पुराना बाजार, बहजोई की ओर से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्री रामलीला मंचन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में समाजसेवी मोहम्मद रफीक कुरैशी ने कमेटी को सहयोग राशि के रूप में 51 हजार रुपये प्रदान कर हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की।
रफीक कुरैशी ने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में सत्य, त्याग, कर्तव्य और आदर्श जीवन की प्रेरणा देते हैं। रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी साझा संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सद्भाव से जुड़ा कार्यक्रम है। ऐसे आयोजनों में सभी समुदायों को आपसी भाईचारे के साथ सहयोग करना चाहिए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रफीक कुरैशी सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करते रहे हैं। उनके इस योगदान को क्षेत्र के लोगों ने गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का सकारात्मक संदेश बताया।
रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने रफीक कुरैशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सहयोग समाज में प्रेम, सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करने वाला है। कमेटी ने उनके स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की।