(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
सम्भल जनपद के बहजोई नगर क्षेत्र में दूसरे दिन भी प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहा। चंदौसी-बबराला हाईवे के निकट नाले के ऊपर किए गए अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। अभियान का नेतृत्व डिप्टी कलेक्टर एवं अधिशासी अधिकारी वंदना मिश्रा ने किया। कड़ी धूप के बावजूद वह स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और नगर पालिका कर्मचारियों तथा पुलिस प्रशासन के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
नगर पालिका की टीम ने नालों पर अवैध चबूतरे बनाकर सामान रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई अवैध कब्जों को ध्वस्त कराया। इस दौरान कुछ दुकानदारों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्वक चलता रहा। साथ ही अतिक्रमण करने वालों के चालान भी काटे गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों और सड़कों पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। जनता ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से ही शहर अतिक्रमण मुक्त हो सकेगा।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बहजोई को स्मार्ट सिटी घोषित किया गया है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर अभी भी खानापूर्ति के आरोप लगते रहे हैं। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बाइट — वंदना मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर एवं अधिशासी अधिकारी